हम आपसे किले के संरक्षण और उसके समुचित जीर्णोद्धार का निवेदन करते हैं।


सेवा में, पूज्यवर श्री योगी आदित्यनाथ जी,
माननीय मुख्यमंत्री महोदय, उत्तर प्रदेश सरकार
लोक भवन, लखनऊ-२२६००१
विषय : जौनपुर जिले के जफराबाद स्थित मनहेच किले का जीर्णोद्धार करने और उसे पूर्वांचल का शौर्य तीर्थ बनाने का अनुरोध। जफराबाद का नाम मनहेच किये जाने की भी अपील।
आदरणीय महोदय,
इतिहास साक्षी है कि सन १००१ में गजनी के सुल्तान महमूद ने भारत पर हमला शुरू किया तो उसी के साथ हिन्दू धर्मस्थलों को लूटने, मूर्तियों को तोड़ने और हिन्दुओं को प्रताड़ित करने का दौर शुरू हो गया। गजनी का साम्राज्य १५७ साल चला। ११५० में गज़नी पर गोरी वंश का अधिकार हो गया। ११७३ में शहाबुद्दीन गोरी गज़नी का सुलतान बना। ११९१ में तराइन में अजमेर की और ११९४ में चंदवार में कन्नौज राज की हार हुई। उसी समय गोरी का सिपहसालार कुतुबुद्दीन ऐबक जफराबाद और काशी तक चढ़ा चला आया।
तकरीबन उसी समय, सन १२०० में शहाबुद्दीन गोरी के ही एक सिपहसालार बख्तियार खिलज़ी ने मिर्ज़ापुर की अपनी छोटी सी जागीर से निकल कर बिहार पर कब्ज़ा कर लिया। उसने बौद्ध धर्मस्थलों को जिस तरह तोड़ा, पूरी दुनिया में क्रूरता और धर्मान्धता की वह एक बड़ी मिसाल है। ओदंतपुरी में बौद्ध भिक्षुओं का भीषण नरसंहार किया गया और विक्रमशिला को नष्ट कर दिया गया। उसने नालंदा विश्वविद्यालय को पूरी तरह जला दिया। १२०३ में खिलज़ी ने बंगाल पर भी कब्ज़ा कर लिया। उसके संरक्षण में बिहार और बंगाल में मस्जिदों, मदरसों और खानकाहों का उदय हुआ। खिलज़ी की विजय से बंगाल पर लगभग ६०० साल का मुस्लिम शासन शुरू हुआ जो १७७२ में बंगाल में ईस्ट इंडिया कंपनी के अधिकार जमा लेने के बाद खत्म हुआ।
ऐबक के गुलाम वंश के बाद दिल्ली में खिलज़ी वंश की सल्तनत रही। अलाउद्दीन खिलज़ी तो मध्य एशिया से आये शैतान के रूप में ही जाना गया। दोनों ही वंशों के शासन के दौरान कई हिन्दू मंदिर और धर्मस्थल नष्ट किये गए, और कई स्थानों पर हिन्दुओं के साथ भीषण अत्याचार किये गए। १३२० में दिल्ली पर गयासुद्दीन तुगलक ने कब्ज़ा किया। यह वंश भी हिन्दुओं पर भीषण अत्याचार के लिए जाना जाता है।
एक ओर दिल्ली, दूसरी ओर बिहार- बंगाल; दोनों तरफ कब्ज़ा; इस तूफ़ान के बीच भी काशी का इलाका उस तूफ़ान से बचा रहा जो दूसरी जगहों पर आया। कारण था जफराबाद और जफराबाद का मनहेच किला। ११९४ से लेकर १३२१ तक, तकरीबन सवा सौ साल मनहेच ने काशी क्षेत्र में आक्रमणकारी सेनाओं की दाल नहीं गलने दी। १३२१ में गयासुद्दीन तुगलक के बेटे ज़फर शाह ने जफराबाद पर हमला बोला। राजा शक्ति सिंह या साकेत सिंह की हार हुई। और तुगलकों का काशी क्षेत्र में दखल हुआ।
तब जफराबाद को विद्या भूमि कहा जाता था। जफ़र शाह विद्या भूमि पर गिद्ध की तरह टूट पड़ा। उसने हिन्दुओं और बौद्धों के धर्म स्थल, महल, भवन सभी तुड़वा दिए, और वहां इस्लामी इमारतें तामीर करा दीं। इस कस्बे का नाम भी बदल कर अपने नाम पर कर दया। १३५९ में इसी तरह का विध्वंस फिरोज शाह तुगलक ने पास के दूसरे नगर का किया और उसका नाम अपने भाई के एक उपनाम पर जौनपुर कर दिया। विद्या भूमि में ज़फर के विनाश से यदि कोई हिन्दू या बौद्ध अवशेष बच भी गया था, तो फिरोज ने उसे भी जमींदोज कर दिया।
इरादा था-- भूल जाएं लोग कि वे कौन हैं। उनकी सभ्यता- संस्कृति क्या है। उनकी विरासत क्या है। भूल जाएं लोग वे सारे सूत्र, जिन्हें पकड़ कर भविष्य में वे अपनी सत्ता और स्वतंत्रता के लिए उठ खड़े हो सकते हैं। जफराबाद की यह लड़ाई तराइन और चंदवार जैसी ही महत्व की लड़ाई रही होगी। और थोड़े छोटे लेकिन वैसे ही आर-पार के युद्ध हुए होंगे। जफराबाद और बाद में जौनपुर के विनाश का दृश्य भी मथुरा की लूट या देलवाड़ा के पतन की तरह का ही रहा होगा। पुराने महल, भवन , धर्मस्थल तोड़ कर उन पर नया निर्माण करना भी आसान नहीं रहा होगा। विवरण तो नहीं हैं, लेकिन जो हुआ होगा, उसका एक उदाहरण मौजूद है। शर्की सल्तनत के दौरान ब्राह्मणों पर अत्याचार हुए, उन्हें पूजा-पाठ से रोका गया तो भोजपुर के उज्जैनिया राजपूत १०० साल से ज्यादा समय तक शर्की सल्तनत से लड़ते रहे। जिसे १०० साला युद्ध कहा जाता है। उज्जैनिया सीधी लड़ाई में हार गए तो भी छापामार युद्ध चलता रहा।
इस ध्वंस का नतीजा यह हुआ कि आज जफराबाद और जौनपुर के समूचे इलाके में हिन्दू या बौद्ध धर्म का एक भी पुराना मंदिर, धर्म स्थल या स्मृति का कोई एक भी घोषित चिह्न नहीं है। कुछ जगहों को लेकर कुछ अनुमान जरूर हैं, लेकिन वहां कोई बदलाव दीर्घ प्रयास के बाद ही संभव होंगे।
पूरे जफराबाद और जौनपुर में गैर-इस्लामी स्मृति चिह्न केवल एक बचा है। वह जफराबाद के मनहेच किले का मिट्टी का टीला है। यह टीला ५२ बीघे में फैला है, और पिछले ७०० साल से अपने जीर्णोद्धार के लिए गुहार कर रहा है।
किला जब से गहड़वाल वंश के अधीन रहा, उसके इतिहास के एक-एक पन्ने खुले हैं। १११४ से ११५५ तक कन्नौज के राजा रहे गोविन्द चंद्र के ज़माने में काशी का यह प्रमुख रक्षा दुर्ग था। राजा गोविन्द चंद्र के बारे में कहा जाता था कि काशी की रक्षा के लिए भगवान शिव ने स्वयं उनके रूप में अवतार लिया है। गोविन्द चंद्र को काशीराज कहा जाता था। अयोध्या का श्री राम जन्मभूमि मंदिर जिसे मीर बाकी ने तोड़ा, वह गोविन्द चंद्र का ही बनवाया हुआ था। गज़नी से जो हमले हो रहे थे, गोविन्द चंद्र उनका निरंतर प्रतिकार कर रहे थे।
उनके बेटे विजय चंद्र ने ११५५ से लेकर ११६९ तक कन्नौज पर राज किया। यह राज्य भारत की अंतर्वेदी था। जौनपुर में अष्ट तारा मंदिर, जिसे तोड़ कर अटाला मस्जिद बनाई गयी, उनका ही बनवाया बताया जाता है। उसके बाद ११९४ में चंदवार में गौरी के सामने जयचंद की हार हुई। लेकिन उनके बेटे उदयपाल ने ऐबक को मनहेच नहीं घुसने दिया। ऐबक काशी भी नहीं जीत पाया। पूरब और पश्चिम दोनों ओर फैले इस्लामी राज लेकिन मनहेच १३२१ तक भारत की अंतर्वेदी की रक्षा करता रहा। मनहेच अशनि दुर्ग था। पश्चिमोत्त्तर सीमा प्रांत पर होने वाले हमलों के मुकाबले के लिए वज्र और बिजली की तरह लड़नेवाले योद्धा मनहेच से जाते थे। वह पूर्वांचल के वीरों के इकठ्ठा होने का दुर्ग था।
उसके पहले का, उस स्थल का जो महत्व था, उसे इस्लामी स्रोतों ने बखूबी संभाल रखा है। रौजा मखदूम मुल्ला कयामुद्दीन, रौजा आफताब-ए -हिन्द और रौजा चिराग-ए -हिन्द अध्यात्म के त्रिकोण माने जाते हैं। माना जाता है कि तीनों के यहां एक हाजिरी लगा ली तो एक हज करने का शबाब मिल गया। वैसे ही मुल्ला बहराम की बारादरी के बारे में कहा जाता है कि एक पीर यहां और होते तो मक्का की नहीं, यहीं की जियारत की जाती। रौजा चिराग-ए-हिन्द को गरीबों का मक्का-मदीना कहा जाता है। कहा जाता है कि जो वहां न जा सकें, उनके यहीं आने से उनका हज पूरा हो जाता है। यहां बकरीद के एक दिन पहले दो रकअत की नमाज पढ़ी जाती है, जिसका शबाब मक्का में पढ़ी जानेवाली पांच रकअत की नमाज के बराबर माना जाता है। रौजा चिराग-ए-हिन्द किले के बिलकुल पास है। उससे सट कर। जफराबाद और किले के स्थान की यह मशहूरियत बताती है कि पुराने नगर और पुराने किले की जगह कुछ बहुत खास है।
हमारे अध्ययन बताते हैं कि यह कथित जफराबाद कभी राजा हरिश्चंद्र की राजधानी हरिश्चंद्रपुरी थी। और मनहेच किले की जगह उनका महल था। यही वह स्थान था जहां से राजा हरिश्चंद्र स्वर्ग गए और जहां से उनकी समस्त प्रजा भी एक दिन के लिए स्वर्ग ले जाई गयी। सदियों-सदियों से सत्यवादी हरिश्चंद्र की जो गाथा गाई जाती है कि - ``चंद्र टरे सूरज टरे टरे जगत व्यवहार, पै दृढ़व्रत हरिचन्द्र को टरै न सत्य विचार। '' वह इसी स्थान से जुड़ी हुई है। राजा हरिश्चंद्र यहां थे तो यहीं कहीं रहा होगा ब्रह्मर्षि वशिष्ठ का भी आश्रम। जहां ब्रह्मसूत्र रचे जाते रहे होंगे। जहां होते रहे होंगे अहर्निश वेद पाठ। जहां कभी नहीं बुझती रही होगी यज्ञाग्नि। यहीं ही कहीं ली होगी विश्वामित्र ने राजा की परीक्षा। राजा की रानी थीं तारामती। तारा के मत की अनुयायी। तो यहीं कहीं भगवती तारा का मंदिर भी रहा होगा। दस महाविद्याओं की भी यहां होती रही होगी पूजा। इस्लामी स्रोत बताते हैं कि किला सैनिक शक्ति से नहीं जीता जा सका था। तंत्र-मंत्र की भी भीषण लड़ाई हुई थी, जिसके लिए तुगलक सेना पहले से ही ईरान से मखदूम साधु लेकर आयी थी। किला मखदूम साधु के जादू से ही ध्वस्त हुआ, और राजा शक्ति सिंह या साकेत सिंह की हार हुई।
अनुमान है कि कथित जफराबाद में कृष्ण यजुर्वेद की तैत्तिरीय शाखा की भी महत्वपूर्ण उपस्थिति थी।
जनश्रुति है कि मनहेच किले की जगह पर कभी कोई बड़ी बौद्ध पाठशाला थी। कोई बौद्धायन भी यहां रहे होंगे। बौद्ध तारा को यहीं मिली होगी स्त्री बुद्ध की महिमा। बुद्ध के बराबर की उनकी यहीं शुरू हुई होगी पूजा। जो यहां से तिब्बत, चीन, जापान तक फ़ैली होगी। स्त्री शक्ति का भी बड़ा केंद्र रहा होगा पुराना जफराबाद।
महोदय, किले की जगह बिलकुल निर्विवाद है, जिसके जीर्णोद्धार से समूचे जफराबाद-जौनपुर परिसर के जीर्णोद्धार की नींव रखी जा सकती है। और पूर्वांचल के सांस्कृतिक विकास की भी एक बड़ी रूपरेखा बनाई जा सकती है। इसके विकास से दुनिया के दो सबसे बड़े मलबों के पुनर्विकास की प्रक्रिया शुरू होगी। इस काम से पूर्वांचल के कई और प्राचीन स्थलों के भी ऐतिहासिक लेखे-जोखे की शुरुआत होगी। इससे
क्षेत्रीय इतिहास लेखन को बहुत बढ़ावा मिलेगा।
इस निमित्त हम आपसे मनहेच किले का जीर्णोद्धार करके वहां पूर्वांचल का एक शौर्य तीर्थ बनाने का निवेदन
करते हैं, जहां पूरे पूर्वांचल से शौर्य गाथाएं एकत्र की जाएं। इस तीर्थ को उन सरंजामों से भी जोड़ा जाए , जिनसे भविष्य के लिए भी देश प्रेम और राष्ट्रीयता के सूत्र निकलें।
इस काम को तुरंत करने की जरूरत है। पुरातत्व विभाग के संरक्षण में होने के बावजूद किले पर तीन तरफ से अतिक्रमण कर लिया गया है। कुछ अतिक्रमण तो अभी हाल के महीनों में हुआ है। देर हुई तो यह अकेला स्मृति चिह्न जो अभी तक बचा हुआ है, वह भी मिट जाएगा।
तुरंत कार्रवाई की जरूरत इसलिए भी है कि पुरातत्व विभाग के संरक्षण में होने के बावजूद किले की जमीन से रेलवे ट्रैक पर डालने के लिए अभी हाल में ही काफी मिट्टी उठा ली गयी है। दूसरे लोग भी वहां से मिट्टी उठाते रहते हैं। कई जगह तो टीले के बदले गड्ढे बन गए हैं।
कुछ शरारती तत्व किले के आसपास की जमीन कब्जाने में भी लगे हैं। कई लोगों पर दबाव डाल कर उनसे आने-पौने दाम पर जमीन खरीदी गयी है। अतिक्रमण और जबरन जमीन खरीदी--इन दोनों को देख कर लगता है कि शायद कुछ लोगों की मंशा इस आख़िरी स्मृति चिह्न को भी मिटा देने की है।
हम आपसे किले की जमीन के संरक्षण और उसके समुचित जीर्णोद्धार का निवेदन करते हैं। साथ ही हम आपसे यह भी विनती करते हैं कि जफराबाद का नाम बदल कर मनहेच किया जाए।
सादर,
ओम प्रकाश, अध्यक्ष, पूर्वांचल विकास प्रतिष्ठान , मुंबई
संपर्क: ९०२९२८६६६१