Обновление к петицииजफराबाद के मनहेच किले को पूर्वांचल का शौर्य तीर्थ बनाया जाए।  

मालवणी हिंदी शाला के शिक्षक भी अभियान में शामिल/ कहा- अभियान सांस्कृतिक विकास का आंदोलन बनेगा

पूर्वांचल विकास प्रतिष्ठान  मुंबई Mumbai, Индия
1 мая 2023 г.

पूर्वांचल विकास प्रतिष्ठान द्वारा जफराबाद के मन हेच किले के जीर्णोद्धार के लिए चलाया जा रहा अभियान निरंतर प्रगति पर है।  रविवार ३० अप्रैल को मनपा हिंदी शाला मालवणी नंबर ७ 
के शिक्षकों ने भी उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ को दिए जाने वाले  ज्ञापन पर दस्तखत किये और भरोसा दिया कि इस अभियान में वे पूरे मन से साथ हैं। उन्होंने पूर्वांचल विकास प्रतिष्ठान को भरोसा दिलाया कि यह अभियान पूर्वांचल के सांस्कृतिक विकास का आंदोलन बनेगा।  

पूर्वांचल विकास प्रतिष्ठान की ओर से शिक्षकों के साथ बातचीत में प्रो. बी पी सिंह शामिल हुए।  श्री सिंह डालमिया कॉलेज में गणित के प्राध्यापक रह चुके हैं, और शिक्षा जगत में अच्छी ख्याति रखते हैं।  वे  जफराबाद किले के जीर्णोद्धार अभियान के मुंबई और महाराष्ट्र के संयोजक हैं। श्री सिंह ने भरोसा जताया है कि किले के जीर्णोद्धार को लेकर उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी को दिए जानेवाले ज्ञापन पर शिक्षक और बुद्धिजीवी बड़ी संख्या में दस्तखत करेंगे। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल के सांस्कृतिक विकास की दिशा में यह एक बिलकुल अलग किस्म का आंदोलन है। जिसमें इतिहास के प्रामाणिक अध्ययन के साथ-साथ जन जाग्रति और बौद्धिक भागीदारी को भी साथ-साथ खड़ा किया जा रहा है। इसकी  सफलता पूर्वांचल के सांस्कृतिक गौरव को तो बहाल करेगी ही, संस्कृति के दूसरे जो अनेक मिले-जुले पक्ष हैं, उन सभी को एक साथ मज़बूत करेगी।  

श्री सिंह ने कहा , `` कोशिश है कि स्कूलों-कॉलेजों के शिक्षक पूर्वांचल के इस गौरव अभियान में बड़ी संख्या में  शामिल हों।  विश्वविद्यालयों के प्रोफ़ेसर भी जुड़ेंगे। इससे जो तरंगें उठेंगी, वे एक किले का ही नहीं, हज़ार ऐतिहासिक स्थलों का उद्धार कराएंगी। '' इस मुहिम से इतिहास के वे झूठ भी छंटेंगे, जो अलग-अलग दुरभि संधियों के कारण बने हुए हैं, और समाज में अकारण मनोमालिन्य बनाते हैं।  श्री सिंह ने कहा-`` पूर्वांचल विकास प्रतिष्ठान का यह जफराबाद किला जीर्णोद्धार अभियान सामाजिक सत्याचरण और औचित्य को स्थापित करने का भी आंदोलन है। '' 

उन्होंने  शिक्षकों और बुद्धिजीवियों से इस अभियान में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की।

 यह हस्ताक्षर अभियान केराकत के रहने वाले सेवाभावी शिक्षक श्री प्रमोद सिंह के सेवानिवृत्ति समारोह के अवसर पर चलाया गया। जिससे दूसरी कई शालाओं के शिक्षक भी अभियान में शामिल हुए।