हम डालमिया कॉलेज के शिक्षकों के आभारी हैं। यह समर्थन पूर्वांचल के सांस्कृतिक विकास को गति देगा।


शुक्रवार २८ अप्रैल को मालाड के डालमिया कॉलेज के शिक्षकों ने जफराबाद के मन हेच किले के जीर्णोद्धार अभियान को अपना समर्थन दिया। हमें विश्वास है कि उन्होंने जो अलख जगाया है, उसकी ध्वनि बहुत दूर तक जाएगी।
हस्ताक्षर अभियान में पूर्वांचल विकास प्रतिष्ठान की ओर से प्रो. बी पी सिंह शरीक हुए। श्री सिंह डालमिया कॉलेज के पूर्व प्राध्यापक हैं. और जफराबाद किले के जीर्णोद्धार अभियान के मुंबई और महाराष्ट्र के संयोजक हैं। श्री सिंह ने भरोसा जताया है कि किले के जीर्णोद्धार को लेकर उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी को दिए जानेवाले ज्ञापन पर शिक्षक और बुद्धिजीवी बड़ी संख्या में दस्तखत करेंगे। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल के सांस्कृतिक विकास की दिशा में यह एक बिलकुल अलग किस्म का आंदोलन है। जिसमें इतिहास के प्रामाणिक अध्ययन के साथ-साथ जन जाग्रति और बौद्धिक भागीदारी को भी साथ-साथ खड़ा किया जा रहा है। इसके सफलता पूर्वांचल के सांस्कृतिक गौरव को तो बहाल करेगी ही, संस्कृति के दूसरे जो अनेक मिले-जुले पक्ष हैं, उन सभी को एक साथ मज़बूत करेगी।
श्री सिंह ने कहा , `` कोशिश है कि स्कूलों-कॉलेजों के शिक्षक पूर्वांचल के इस गौरव अभियान में बड़ी संख्या में शामिल हों। विश्वविद्यालयों के प्रोफ़ेसर भी जुड़ेंगे। इससे जो तरंगें उठेंगी, वे एक किले का ही नहीं, हज़ार ऐतिहासिक स्थलों का उद्धार कराएंगी। '' इस मुहिम से इतिहास के वे झूठ भी छंटेंगे, जो अलग-अलग दुरभि संधियों के कारण बने हुए हैं, और मनोमालिन्य बनाते हैं। श्री सिंह ने कहा-`` पूर्वांचल विकास प्रतिष्ठान का यह जफराबाद किला जीर्णोद्धार अभियान सामाजिक सत्याचरण और औचित्य को स्थापित करने का भी आंदोलन है। ''
उन्होंने शिक्षकों और बुद्धिजीवियों से इस अभियान में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की।
चित्र:: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री महोदय को दिए जानेवाले ज्ञापन पर दस्तखत करते डालमिया कॉलेज, मालाड के प्राध्यापक गण।