ज़फराबाद-जौनपुर की सांस्कृतिक धरोहर बचाएं ; सगरेकोट व मनहेच को अतिक्रमण मुक्त कराएं 

51

चलिए 100 हस्ताक्षरों तक आगे पहुँचते हैं!
1,000+ समर्थकों वाली पेटीशन्स के जीतने की संभावना 5 गुना ज्यादा होती है!

समस्या

सेवा में,

माननीय जिलाधिकारी महोदय
जौनपुर, उत्तर प्रदेश 

विषय: जफराबाद के मनहेच किले ( राजा जयचंद का टीला ) और मछलीशहर के सगरे कोट की भूमि पर हो रहे अतिक्रमण के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई हेतु अनुरोध। 

महोदय, 

हम यह बात आपके संज्ञान में लाना चाहते हैं कि जौनपुर जनपद के ऐतिहासिक महत्व के मनहेच किले और मछलीशहर के सगरे कोट की भूमि पर अवैध अतिक्रमण की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। ये किले हमारी सांस्कृतिक धरोहर का बहुत महत्वपूर्ण हिस्सा हैं , जिन्हें अभी न बचाया गया तो ये हमेशा के लिए खो जायेंगे। मनहेच किले की जगह के बारे में तो जनश्रुति है कि पहले यहां राजा हरिश्चंद्र का महल था।  बाद में बौद्ध काल में यहां एक सुविख्यात बौद्ध विहार बनाया गया।  मान्यता है कि सारनाथ जाते समय भगवान बुद्ध स्वयं यहां आये थे।  उसके बाद गहड़वाल राजवंश के शासन के दौरान यहां मनहेच दुर्ग बनाया गया।  जो काशी  विश्वेश्वर की रक्षा का प्रमुख दुर्ग था।  गहड़वाल राजा गोविंद चंद्र के बारे में तो कहा गया कि काशी की रक्षा के लिए उनके रूप में भगवान शिव ने स्वयं अवतार लिया है।  मनहेच असनि दुर्ग था। जहां से पश्चिमोत्तर  सीमा प्रांत पर शत्रुओं से मुकाबले के लिए आकाशीय बिजली की तरह शत्रुओं पर टूट पड़नेवाले योद्धा भेजे जाते थे।  

स्मरणीय है कि पृथ्वीराज चौहान और जयचंद की हार के बावजूद काशी की वैसी कोई लूट नहीं की जा  सकी जैसी मथुरा, नालंदा या ओदंतपुरी जैसे स्थानों की हुई। लगभग सवा सौ साल तक मनहेच ने अकेले काशी विश्वेश्वर की रक्षा की।  

सगरेकोट की भी ऐसी ही ऐतिहासिक प्रसिद्धि है।  जौनपुर आर्यक नाग और नाग माता जरत्कारु की भी पवित्र भूमि रही है। इन्हीं नागमाता जरत्कारु के बेटे आस्तिक मुनि ने राजा जन्मेजय के सर्प सत्र से नागवंश की रक्षा की थी। अश्वतर उपनिषद उन्हीं की कृति है।  इस बात के ऐतिहासिक संकेत हैं कि आस्तिक मुनि के गर्भवास के दौरान नाग माता ने सगरे कोट में वास किया।  स्मरणीय है कि नाग क्षेत्र ईरान से लगायत भूमध्य सागर के फोनीसिआ तक फैला हुआ है।  इस जुड़ाव के चलते सगरेकोट एक बड़ी वैश्विक धरोहर है।  जिसका सांस्कृतिक पर्यटन के लिए भी बड़ा उपयोग किया जा सकता है।  नाग संस्कृति का विधिवत अध्ययन मध्यवर्ग की कई जातियों के सांस्कृतिक और सामाजिक उन्नयन में भी मददगार हो सकता है।  

हम यह बात भी आपके संज्ञान में लाना चाहते हैं कि पुरातत्व विभाग की देखरेख में होने के बावजूद इन दोनों स्थानों पर तेजी से अतिक्रमण हो रहा है।  जिसमेँ धार्मिक अतिक्रमण भी शामिल है। जिसके चलते मनहेच दुर्ग के पास स्थित एक स्तूप के भीतर भी तीन कब्रें बना ली गई हैं।  

हम आपसे निम्नलिखित अनुरोध करते हैं:

१. दोनों किलों की भूमि पर हो रहे अतिक्रमण की जांच कराई जाए और दोषियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जाए।

२. भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) या राज्य पुरातत्व विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर इनकी भूमि की सुरक्षा और संरक्षण सुनिश्चित किया जाए।

३. किलों की भूमि की सीमा पर उचित बाड़बंदी, सूचना पट्ट और सुरक्षा व्यवस्था स्थापित की जाए ताकि भविष्य में कोई अतिक्रमण न हो सके।

४. मनहेच और सगरेकोट दोनों की भूमि का समुचित स्मृति स्थल के रूप  विकास किया जाये। मनहेच को पूर्वांचल के शौर्य तीर्थ और सगरेकोट को नाग परिपथ के अंतर्राष्ट्रीय केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है।  

हम आशा करते हैं कि आप इस गंभीर विषय पर शीघ्र और प्रभावी कार्रवाई करेंगे।

आपकी सहायता के लिए धन्यवाद।

आपका विश्वासी,

ओम प्रकाश 
सचिव , पूर्वांचल विकास प्रतिष्ठान 

अतुल बिसेन 
न्यासी , पूर्वांचल  विकास प्रतिष्ठान 

संपर्क नंबर-9029286661, 9311693098  
ईमेल पता : vppurvanchal@gmail.com 

प्रति: माननीय मुख्यमंत्री महोदय, उत्तर प्रदेश सरकार
 :माननीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री महोदय  , भारत सरकार
: माननीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री महोदय , उत्तर प्रदेश सरकार
: माननीय महानिदेशक महोदय , भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण,नई दिल्ली
:माननीय निदेशक महोदय, उत्तर प्रदेश राज्य पुरातत्व निदेशालय, लखनऊ

दिनांक :  ६/५/२०२५ 

avatar of the starter
पूर्वांचल विकास प्रतिष्ठान  मुंबई पेटीशन स्टार्टरपूर्वांचल और देश के दूसरे प्रवास-प्रव्रजन प्रभावित इलाकों के आर्थिक-औद्योगिक विकास और सामाजिक-सांस्कृतिक बदलाव का मंच

फैसला लेने वाले

CM, UTTAR PRADESH
DM, Jaunpur

पेटीशन अपडेट