विद्यापति की कीर्तिलता की याद


ओलंदगंज और नख्खास में घूमिए तो पंद्रहवीं सदी के पूर्वार्ध का जौनपुर जस का तस उभर आता है। इब्राहिम शाह के शासनकाल के जौनपुर का मैथिल महाकवि विद्यापति ने बहुत विस्तार से वर्णन किया है। जौनपुर तब दुनिया के प्रमुख नगरों में से एक था। विद्यापति की कीर्तिलता के कुछ पदों का भावार्थ इस तरह है- -
जूनापुर नामक यह शहर बड़ा ही नयनाभिराम था और यहाँ धन दौलत का भंडार था. .जौनपुर देखने में सुन्दर और हर प्रकार से सुसज्जित था .यहाँ कुओं और तालाबों का बाहुल्य था .पत्थरों का फर्श, पानी निकलने के लिए भीतरी नालियाँ, उन्नत कृषि और हरे भरे लहलहाते आम और जामुन के बाग, भंवरों की गूँज मन मोह लेती थी. यहाँ गगनचुम्बी और मजबूत इमारतें थी.रास्ते में ऐसी ऐसी गलियां थी जहां बड़े बड़े लोग रुक जाते थे और रुक कर देखते थे .चमकदार और बड़े बड़े स्वर्ण कलश युक्त सैंकड़ों शिवाले नगर की शोभा बढ़ाते थे.कमल के पत्तों जैसी बड़ी आंखों वाली स्त्रियाँ जिन्हें पवन भी स्पर्श करने को लालायित रहता है, जिनके लम्बे लम्बे केश उत्तरी ध्रुव से बातें करते प्रतीत होते थे वहां टहल रही थी. उनकी आँखों में लगा काजल ऐसा प्रतीत होता था मानो चंद्रमा में दाग हो. पान का बाजार,नानबाई की दुकान, मछली बाज़ार, यदि इन वास्तविकताओं पर प्रकाश डाला जाए तो इसपर विश्वास होगा. व्यवसाय से जुड़े लोग इतने व्यस्त थे कि हर समय भीड़ रहती थी. ऐसा लगता था कि मानो जन समुद्र अपना स्थान छोड़कर जौनपुर आ गया है . दोपहर की भीड़ को देख कर ज्ञात होता था कि सम्पूर्ण पृथ्वी की वस्तुएं यहाँ बिकने आ गयी हैं. एक के माथे का तिलक छूट कर दूसरे के माथे में लग जाता था. रास्ता चलने में औरतों की चूड़ियां टूट जाती थीं.घोड़े हाथियों की बड़ी भीड़ थी. प्रायः लोग पिस जाते थे .इब्राहीम शाह अपने महल के ऊपरी भाग में निवास करता था. अपने घर में आये अतिथि को देख कर जिस प्रकार लोगों को प्रसन्नता होती है वैसी ही प्रसन्नता बादशाह को होती थी .
सगरेकोट और मनहेच बचेंगे तो जानने और संरक्षण की प्रवृत्ति दोनों बढ़ेगी। ह्रदय क्षेत्र की सभी धमनियों में बराबर से रक्त संचार होगा। जौनपुर का पूरा प्राचीन इतिहास उभर कर सामने आएगा।